धार्मिक

सूर्य का सिंह राशि में गोचर, किन राशियों के जीवन में आएगा कष्ट, किसका खुलेगा भाग्य, जानिए

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य को आत्मा का कारक ग्रह माना जाता है और यह सभी ग्रहों का राजा है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में सूर्य ग्रह मजबूत होता है तो इसकी वजह से व्यक्ति में नेतृत्व करने की क्षमता बढ़ती है, परंतु सूर्य कमजोर होने के कारण जीवन में बहुत सी परेशानियां आने लगती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य 16 अगस्त 2020 को अपनी स्वराशि सिंह में प्रवेश करने वाला है। इस परिवर्तन का सभी 12 राशियों पर शुभ-अशुभ पड़ेगा। आज हम आपको आपकी राशियों का इस परिवर्तन की वजह से कैसा हाल रहेगा? इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

मेष राशि (Aries, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)

मेष राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह पंचम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको प्रेम जीवन में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। आपको अपनी मेहनत का उम्मीद से कम लाभ मिलेगा। कामकाज में सफलता हासिल करने के लिए आपको अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। आपको नौकरी के क्षेत्र में संभालकर रहने की जरूरत है। कुछ लोग आपको नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। कारोबार से जुड़े हुए लोगों का समय मिलाजुला रहने वाला है।

वृषभ राशि (Taurus, ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

वृषभ राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह चतुर्थ भाव में गोचर करेंगे। जिसकी वजह से आपको शारीरिक परेशानियों से गुजरना पड़ सकता है। माता को कष्ट होने की संभावना बन रही है। मानसिक तनाव अधिक रहेगा। कामकाज को लेकर आपको अधिक भागदौड़ करनी पड़ सकती है। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। अचानक प्रभावशाली लोगों की मदद से आपको अपने किसी जरूरी काम में सफलता मिल सकती है, जिससे आपका मन हर्षित होगा।

मिथुन राशि (Gemini, का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)

मिथुन राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह तृतीय भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको लाभ प्राप्ति के योग बन रहे हैं। विद्यार्थी वर्ग के लोगों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल होगी। आपका व्यवहार अच्छा रहेगा। पारिवारिक जीवन ठीक प्रकार से व्यतीत होने वाला है। आप अपने कामकाज की योजनाओं को ठीक प्रकार से पूरा करेंगे। सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। भाई-बहनों के साथ अच्छे तालमेल बने रहेंगे। किसी पुरानी बीमारी से छुटकारा मिल सकता है। अचानक आर्थिक लाभ मिलने के योग बन रहे हैं।

कर्क राशि (Cancer, ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

कर्क राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह द्वितीय भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको संपत्ति के मामलों में अच्छा लाभ मिलेगा। पारिवारिक जीवन में आपको अच्छे फल की प्राप्ति होगी। घर में मेहमानों का आगमन हो सकता है। आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। अचानक आमदनी के अच्छे स्रोत मिल सकते हैं। कार्यस्थल में आपकी बातों से लोग सहमत होंगे। बच्चों की तरफ से खुशखबरी मिल सकती है। आप अपने मनपसंद भोजन का आनंद लेंगे।

सिंह राशि (Leo, मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह लग्न भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपके नेतृत्व करने की क्षमता में वृद्धि होगी। नौकरी के क्षेत्र में उच्च पद की प्राप्ति हो सकती है। अधिनस्थ कर्मचारी आपकी पूरी सहायता करेंगे। आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। हर क्षेत्र में आप अच्छा प्रदर्शन करने वाले हैं। आपके करियर को सही दिशा मिल सकती है। सामाजिक स्तर में लोकप्रियता बढ़ेगी। पारिवारिक जीवन में चल रही परेशानियां दूर होंगी।

कन्या राशि (Virgo, ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य द्वादश भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको अपनी सेहत पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आप बाहर के खानपान से दूर रहें। आर्थिक मामलों में आपको थोड़ा सतर्क रहना होगा। अचानक खर्चों में बढ़ोतरी होने के कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। आप कुछ जरूरतमंद लोगों की सहायता कर सकते हैं. विद्यार्थी वर्ग के लोग पढ़ाई में ध्यान दें। किसी प्रतियोगी परीक्षा के लिए आपको अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है।

तुला राशि (Libra, रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

तुला राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य लाभ भाव में यानी एकादश भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको अपने बड़े भाई-बहनों की मदद से अच्छा लाभ मिलेगा। किसी महत्वपूर्ण कार्य में मित्रों की सहायता मिल सकती है। कामकाज से जुड़ी हुई परेशानियां दूर होंगी। नौकरी के क्षेत्र में वातावरण आपके पक्ष में रहेगा। अचानक धन लाभ मिलने के योग बन रहे हैं। आप अपनी सभी योजनाओं को ठीक प्रकार से अंजाम देंगे। सूर्य के शुभ प्रभाव की वजह से प्रेम जीवन में मिठास बढ़ेगी।

वृश्चिक राशि (Scorpio, तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह दशम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से कार्यस्थल में बड़े अधिकारी आपके कामकाज से काफी खुश रहने वाले हैं। आप अपनी नई जिम्मेदारियों को ठीक प्रकार से पूरा करेंगे। आपको करियर में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं। परिवार में कोई धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। आपका मन पूजा-पाठ में अधिक लगेगा। पिता के द्वारा दी गई सलाह आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। कारोबार में आपको भारी मुनाफा मिल सकता है।

धनु राशि (Sagittarius, ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे)

धनु राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य ग्रह नवम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको अपनी किस्मत का पूरा सहयोग मिलेगा। इस समय के दौरान आपको सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है। छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में शुभ फल की प्राप्ति होगी। जो लोग काफी लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे थे, उनको अच्छी नौकरी का प्रस्ताव मिल सकता है। अनुभवी लोगों से जान-पहचान बढ़ेगी। आप अपने सोचे हुए कार्य पूरे कर सकते हैं।

मकर राशि (Capricorn, भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी)

मकर राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य अष्टम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपको अपने जीवन में बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। कार्य क्षेत्र में आप किसी मामले को लेकर काफी चिंतित रहने वाले हैं। आपके दिमाग में एक साथ बहुत से विचार उत्पन्न हो सकते हैं। आपको परिस्थितियों के अनुसार अपने आप में बदलाव करने की जरूरत है। जीवन साथी का पूरा सहयोग मिलेगा। आप अपने कामकाज की योजनाओं में कुछ बदलाव करने की कोशिश करेंगे।

कुंभ राशि (Aquarius, गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुंभ राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य सप्तम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से आपके घर-परिवार की स्थिति खराब हो सकती है। आप किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से दूर रहें। जीवन साथी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी होने की संभावना बन रही है। आप किसी भी काम में जल्दी बाजी ना करें अन्यथा आपका कार्य बिगड़ सकता है। राजनीति के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों का समय मिलाजुला रहेगा। बिजनेस शुरू करने की आप कोशिश करेंगे, जिसमें आपको सफलता मिल सकती है।

मीन राशि (Pisces, दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि वाले जातकों की राशि में सूर्य षष्ठम भाव में गोचर करेंगे, जिसकी वजह से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। माता-पिता से सहयोग और आशीर्वाद मिलेगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में मिलाजुला फल मिल सकता है। बेरोजगार लोगों को अच्छा रोजगार मिलने की उम्मीद है। आप अपने सभी कार्य जोश के साथ पूरा करेंगे। सामाजिक स्तर में मान-सम्मान बढ़ेगा। प्रेम जीवन की परेशानियां दूर होंगी।

Related Articles

Back to top button